महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश लेकर सक्सेना नगर पहुंची मिशन शक्ति टीम
Up times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/उप सम्पादक उमेश चौरसिया
महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर,जागरूक एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत सोमवार को कोतवाली पुलिस की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने सक्सेना नगर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान टीम ने महिलाओं एवं छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जागरूक करते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्हें महिला हेल्पलाइन 181, महिला पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के महत्व और उपयोग की जानकारी दी गई। जागरूकता कार्यक्रम में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, सखी वन स्टॉप सेंटर, पॉक्सो एक्ट तथा मिशन शक्ति से जुड़ी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस टीम ने बालिकाओं को शिक्षा,आत्मविश्वास और आत्मरक्षा के महत्व से भी अवगत कराया।
इस अवसर पर बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा और महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अन्य सामाजिक अपराधों के खिलाफ लोगों को जागरूक किया गया। उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित कर समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना शासन एवं पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश पहुंचाया जा रहा है।





















