अवैध शराब की खेप के साथ तस्कर दबोचा,14 बोतल देशी शराब बरामद
Up times samachar
महराजगंज । उप सम्पादक उमेश चौरसिया
महराजगंज जनपद में अपराध और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना चौक पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 14 बोतल देशी शराब बरामद की है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना चौक पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम नक्शा-बक्शा स्थित देशी शराब भट्ठी के पीछे घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते उसे कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 14 बोतल ‘बंटी-बबली लाइम’ ब्रांड की देशी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविन्द्र चौधरी पुत्र रामसमुझ, निवासी ग्राम गनेशपुर टोला डिहवा, थाना चौक, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई गई है। थानाध्यक्ष चौक मनीष कुमार पटेल ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम उपनिरीक्षक अंकित राय
उपनिरीक्षक सुजीत सिंह
हेड कांस्टेबल देवेन्द्र कुमार





















