प्रसव के बाद महिला की मौत से बवाल,निजी अस्पताल के बाहर शव रखकर परिजनों ने किया चक्काजाम
—- लापरवाही का आरोप लगाकर परिजनों का प्रदर्शन,जांच के आश्वासन पर खुला जाम
Up times samachar
महराजगंज । सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप सम्पादक उमेश चौरसिया
महराजगंज जनपद अंतर्गत निचलौल कस्बे के सिसवा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सोमवार को हंगामा खड़ा हो गया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए महिला का शव अस्पताल के सामने रखकर निचलौल-सिसवा मार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार,कोठीभार थाना क्षेत्र के बीजापार गांव निवासी 28 वर्षीय उजाला खातून को रविवार शाम प्रसव पीड़ा होने पर परिजन निचलौल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए थे। रात करीब नौ बजे उन्होंने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के कुछ समय बाद ही उजाला की तबीयत बिगड़ने लगी और उसने पेट में तेज दर्द की शिकायत की, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने समय रहते समुचित उपचार नहीं किया। परिजनों के मुताबिक, हालत लगातार गंभीर होने के बावजूद चिकित्सकीय लापरवाही बरती गई। जब स्थिति बेहद नाजुक हो गई तो सोमवार तड़के अस्पताल प्रबंधन उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर लेकर पहुंचा,जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए अस्पताल के बाहर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के चलते निचलौल-सिसवा मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और सड़क जाम समाप्त कर दिया गया। बताया जाता है कि मृतका की शादी पैकौली कला गांव में हुई थी। उसका पति अब्दुल कलीम रोजी-रोटी के सिलसिले में पंजाब के लुधियाना शहर में कार्यरत है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। निचलौल थाना प्रभारी अंकित सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर प्राप्त हो गई है तथा अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





















