*योगी आदित्यनाथ के 5जून को जन्मोत्सव पर पडियाताल मंदिर में होगा भव्य आयोजन, हियुवा ने तैयार की विस्तृत रूपरेखा*
*सुंदरकांड पाठ, समरसता भोज, पौध वितरण और 1001 दीप प्रज्वलन के साथ मनाया जाएगा मुख्यमंत्री का जन्मदिन*
रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया
ठूठीबारी/नौतनवा, महराजगंज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ महाराज के जन्मोत्सव को सेवा, समरसता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भव्य रूप से मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को पडियाताल मंदिर परिसर में हिंदू युवा वाहिनी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें 5 जून को प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक की अध्यक्षता हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष नरसिंह पाण्डेय ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ का संपूर्ण जीवन राष्ट्र, धर्म और समाज सेवा के लिए समर्पित रहा है। उनके जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पडियाताल मंदिर की पावन भूमि से सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रभक्ति का संदेश पूरे क्षेत्र में प्रसारित होगा। सुंदरकांड पाठ से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा, पौधा वितरण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प मजबूत होगा तथा समरसता भोज समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करेगा।
बैठक में जानकारी दी गई कि 5 जून को प्रातः 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक पडियाताल मंदिर परिसर में सुंदरकांड पाठ, सामाजिक समरसता भोज एवं पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके उपरांत देर शाम नौतनवा में 1001 दीप प्रज्वलन, गंगा आरती, प्रसाद वितरण तथा “एक दीप योगी के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दीर्घायु, स्वस्थ एवं यशस्वी जीवन की कामना की जाएगी।
नरसिंह पाण्डेय ने सभी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में राधेश्याम गुप्ता, पूर्व ब्लॉक संयोजक हिंदू युवा वाहिनी, जगदीश सहानी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रामबचन साहनी, ग्राम प्रधान शेषमन सहानी, गणेश रौनियार, अर्जुन वरुण, भग्गन चौहान, कृष्ण कुमार पांडेय, बैजनाथ गोंड सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।





















