**ठूठीबारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 74 शीशी अवैध नेपाली शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार**
**नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र में तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 22.2 लीटर अवैध शराब बरामद
रिपोर्ट: विप्लव मद्धेशिया
ठूठीबारी/महराजगंज।
नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 74 शीशी अवैध नेपाली शराब बरामद की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 22.2 लीटर बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ एवं क्षेत्राधिकारी निचलौल श्री अनिरुद्ध पटेल के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शुक्रवार की शाम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम दिघवा तालाब के पास कच्ची सड़क पर एक व्यक्ति अवैध नेपाली शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक उमाकांत सरोज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद प्लास्टिक की बोरी से 300 एमएल की 74 शीशी नेपाली सौंफ शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपलाल पुत्र दुखीलाल निवासी ग्राम पिपरा, थाना ठूठीबारी, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र लगभग 55 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्रों में अवैध शराब एवं अन्य तस्करी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस की टीम में
उपनिरीक्षक उमाकांत सरोज
कांस्टेबल विकेश कुमार
कांस्टेबल अवनीश यादव आदि लोग शामिल रहे।
सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध ठूठीबारी पुलिस की यह कार्रवाई एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।





















