माहवारी को लेकर टूटी झिझक,जागरूकता अभियान में किशोरियों को बांटे गए सेनेटरी पैड
यूपी टाइम्स समाचार
महराजगंज। उप संपादक उमेश चौरसिया
पूर्वांचल ग्रामीण सेवा समिति शाखा महराजगंज के तत्वावधान में बुधवार को ग्राम सभा बसवार में “वास एवं विश्व माहवारी दिवस” के अवसर पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, किशोरियों एवं ग्रामीणों को स्वच्छता, सुरक्षित माहवारी प्रबंधन तथा शुद्ध पेयजल के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का संचालन आनंद कुमार ने किया। उन्होंने उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम की शुरुआत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदौर की काउंसलर विजय लक्ष्मी ने विश्व माहवारी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए की। उन्होंने किशोरियों को माहवारी के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने, पोषणयुक्त भोजन लेने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी। इस दौरान लगभग 40 किशोरियों को सेनेटरी पैड वितरित किए गए।
पूर्वांचल ग्रामीण सेवा समिति की इंचार्ज सिस्टर अल्बीना ने बच्चियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित साफ-सफाई और सुरक्षित माहवारी प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि माहवारी महिलाओं की एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिसे लेकर समाज में जागरूकता और सकारात्मक सोच विकसित करने की आवश्यकता है।
समिति के प्रतिनिधि आनंद कुमार ने “वास” एवं महिला स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी देते हुए ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के उपयोग, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने के लिए प्रेरित किया।
पंचायत सहायक जोखन प्रसाद ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम से मिली जानकारियों को केवल स्वयं तक सीमित न रखकर परिवार और गांव के अन्य लोगों तक भी पहुंचाना चाहिए, ताकि स्वस्थ गांव और स्वस्थ समाज की परिकल्पना साकार हो सके।
कार्यक्रम के अंत में कृष्ण मोहन ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सिस्टर सोनिया, उर्मिला, आरती, प्रियंका, उषा, दया, प्रीति, राजकुमार, पूर्णिमा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं ग्रामीण मौजूद रहे।





















