जनसमस्याओं के समाधान को लेकर सख्त दिखे पंकज चौधरी,प्रधानों ने जताया आभार
Up times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप सम्पादक उमेश चौरसिया
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मंगलवार को महराजगंज स्थित अपने आवास पर आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में क्षेत्र से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न इलाकों से आए फरियादियों ने सड़क, बिजली,आवास,राजस्व, पेंशन समेत कई जनहित से जुड़े मामलों के प्रार्थना पत्र मंत्री को सौंपे।
केंद्रीय मंत्री ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा जरूरतमंदों तक शासन की योजनाओं का लाभ हर हाल में पहुंचना चाहिए।
जनसुनवाई के दौरान मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि गरीब, किसान और पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से वंचित न रहने दिया जाए।
इसी अवसर पर ग्राम प्रधान संगठन के प्रतिनिधियों ने भी केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने के निर्णय पर आभार व्यक्त किया। प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार जोशी के नेतृत्व में पहुंचे प्रधानों एवं पदाधिकारियों ने मंत्री को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
प्रधान प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से पंचायतों में विकास कार्यों की गति बनी रहेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही योजनाओं का संचालन प्रभावित नहीं होगा। उन्होंने इसे गांवों के विकास के लिए सकारात्मक कदम बताया।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि ग्राम प्रधान ग्रामीण विकास व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रधानों से गांवों में स्वच्छता,शिक्षा,पेयजल, सड़क और सरकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार जोशी,प्रदेश उपाध्यक्ष अजय धर दुबे,जिला उपाध्यक्ष डॉ. अवध किशोर,जिला उपाध्यक्ष चतुर्भुज सिंह, सदर ब्लॉक अध्यक्ष रमेश सिंह, प्रधान बैजनाथ, इंद्रमणि वर्मा, रवि पाण्डेय, जय सिंह, बलकेश सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, भाजपा कार्यकर्ता, संगठन पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहें।





















