वन्य जीवों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक, सेल्फी और रील बनाने से दूर रहने की अपील
Up times samachar
महराजगंज।सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे उप सम्पादक उमेश चौरसिया
वन क्षेत्र से सटे ग्राम सभाओं में मानव-वन्य जीव संघर्ष को कम करने और ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को ग्राम सभा चकदह स्थित रोहिन नदी के पास टोला शाहपुर में विशेष जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और वन विभाग की ओर से वन्य जीवों की सुरक्षा एवं सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए उत्तरी चौक के क्षेत्रीय वनाधिकारी आर.पी. सिंह ने कहा कि वन्य जीव पर्यावरण संतुलन के महत्वपूर्ण अंग हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि कोई वन्य जीव आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच जाए तो घबराने या उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें तथा उसे सुरक्षित जंगल क्षेत्र में वापस भेजने में विभागीय टीम का सहयोग करें। उन्होंने खासतौर पर युवाओं को चेताते हुए कहा कि वन्य जीवों के साथ सेल्फी लेने,वीडियो बनाने अथवा रील तैयार करने जैसी गतिविधियां बेहद खतरनाक साबित हो सकती हैं। इस तरह की लापरवाही से जान-माल का नुकसान होने की संभावना बनी रहती है। इसलिए ऐसे कार्यों से दूर रहकर सतर्कता और जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए।
कार्यक्रम में उपक्षेत्रीय वन अधिकारी राकेश कुमार ने भी ग्रामीणों को वन्य जीवों के व्यवहार,सुरक्षा उपायों तथा आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी। वन दरोगा जितेंद्र कुमार गौड़,अंकित राय,कपिल मुनि मिश्रा सहित अन्य वन कर्मियों ने भी लोगों को जागरूक किया। वन विभाग की ओर से यह जागरूकता अभियान चकदह,करौंता,घोड़हवा, महरी सहित विभिन्न ग्राम सभाओं में चलाया गया, जहां ग्रामीणों को मानव-वन्य जीव संघर्ष को रोकने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।





















