वन्यजीव दिखे तो तुरंत दें सूचना,अफवाहों से रहें दूर: वन विभाग ने ग्रामीणों को किया जागरूक
Up times samachar
महराजगंज। उप सम्पादक उमेश चौरसिया
महराजगंज जनपद के सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के दक्षिणी चौक रेंज अंतर्गत खोस्टा बीट प्रथम स्थित वनग्राम 27-28 नर्सरी परिसर में मानव–वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम को लेकर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को वन्यजीवों से बचाव, सतर्कता और संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय वनाधिकारी ऋषभ नायक ने कहा कि वन्यजीव दिखाई देने पर ग्रामीण घबराएं नहीं और न ही किसी प्रकार की अफवाह फैलाएं। उन्होंने अपील की कि ऐसी किसी भी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि जागरूकता, सावधानी और जनसहयोग से मानव–वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सलाह दी कि रात्रि के समय अकेले खेतों अथवा जंगल की ओर जाने से बचें, बच्चों को अकेले बाहर न भेजें तथा समूह में आवागमन करें। अधिकारियों ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध स्थिति की जानकारी तत्काल विभाग को दें।
कार्यक्रम में वन दरोगा नित्यानंद, वन दरोगा राहुल कुमार, वन रक्षक वास्तु पांडेय, प्रदीप कुमार, अमृता निषाद तथा WTI टीम के सदस्यों ने ग्रामीणों को वन्यजीवों के व्यवहार, सुरक्षा उपायों और वन संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
वन अधिकारियों ने कहा कि मानव और वन्यजीवों के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए जनसहभागिता बेहद आवश्यक है। समय पर सूचना देने और सतर्क रहने से न केवल मानव जीवन सुरक्षित रहेगा, बल्कि वन्यजीव संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर नूर मोहम्मद, रमेश निषाद, शिवशंकर, बबलू, रामदास, असफाक, संत, पुर्नवासी, संतराज, रामकेश, गीता, सुभावती, कौशल्या सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





















