बकरीद पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा समीक्षा बैठक आयोजित
बलवन्त पाण्डेय ब्यूरो चीफ
सुल्तानपुर यूपी टाइम्स समाचार
सुल्तानपुर आगामी बकरीद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाने के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर श्रीमती चारू निगम की अध्यक्षता एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर बृजनारायण सिंह की उपस्थिति में पुलिस लाइन स्थित सभागार में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में समस्त क्षेत्राधिकारी एवं सभी थानाध्यक्ष उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा आगामी बकरीद पर्व के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों एवं पीस कमेटी के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर आपसी सौहार्द एवं भाईचारे का वातावरण बनाए रखें।
बैठक के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष निगरानी, मिश्रित आबादी वाले स्थानों पर सतर्क दृष्टि रखने, सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं आपत्तिजनक सूचनाओं की निरंतर मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक महोदया ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि बकरीद पर्व को सकुशल संपन्न कराए जाने हेतु सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
जनपद पुलिस द्वारा आमजन से भी अपील की जा रही है कि पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।





















