भीषण गर्मी का कहर: यूपी के 10 जिलों में लू का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
Up times samachar
लखनऊ। महराजगंज सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/उप सम्पादक उमेश चौरसिया
उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 10 जिलों में भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट में बांदा, भदोही, चंदौली, चित्रकूट, फतेहपुर, कौशांबी, मिर्जापुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज और वाराणसी जिलों में कई स्थानों पर भीषण गर्मी पड़ने और लू चलने की संभावना जताई गई है। दिन के समय तापमान में लगातार बढ़ोतरी से आम जनजीवन प्रभावित होने के आसार हैं।
विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही अधिक से अधिक पानी पीने, हल्के और सूती कपड़े पहनने तथा धूप से बचाव के उपाय अपनाने को कहा गया है। चिकित्सकों ने भी बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
किसानों और मजदूरों को भी तेज धूप में लंबे समय तक काम करने से बचने की हिदायत दी गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ रही गर्मी से हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं, इसलिए सतर्कता बेहद जरूरी है।
प्रदेश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है और लोगों से स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने की अपील की जा रही है।





















