सुई-धागे से संवरेंगे सपने: चौक बाजार में बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की अनूठी पहल
Up times samachar
महराजगंज। उप सम्पादक उमेश चौरसिया
चौक नगर पंचायत स्थित दिग्विजयनाथ बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज में शनिवार को “मां कौशल्या स्वावलंबन केंद्र” के तहत आयोजित 15 दिवसीय सिलाई, वस्त्र निर्माण एवं फैशन डिजाइनिंग प्रशिक्षण शिविर का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सपना सिंह एवं प्रशिक्षिका श्रीमती पुष्पा तिवारी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण शिविर में विद्यालय की छात्राओं के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को भी शामिल किया गया है, ताकि अधिक से अधिक युवतियां हुनर सीखकर आत्मनिर्भर बन सकें। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को कटिंग, सिलाई, फैशन डिजाइनिंग, वस्त्र सज्जा एवं आधुनिक परिधान निर्माण की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षिका श्रीमती पुष्पा तिवारी ने कहा कि यह प्रशिक्षण केवल तकनीकी शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि बालिकाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद प्रतिभागी स्वयं का बुटीक, सिलाई केंद्र अथवा लघु वस्त्र उद्योग स्थापित कर आर्थिक रूप से मजबूत बन सकती हैं। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों को हुनरमंद बनाकर उन्हें आत्मनिर्भरता की मुख्यधारा से जोड़ना है। प्रशिक्षण के दौरान सिलाई मशीनों के रखरखाव, आधुनिक डिजाइनिंग तकनीकों तथा कपड़ों को आकर्षक और उपयोगी बनाने के तरीकों की भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण और रोजगार सृजन की दिशा में इस पहल को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे, जिससे उन्हें भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें। इस अवसर पर विपिन कुमार, आनंद कुमार शुक्ल, संदीप यादव, शेषमणि विश्वकर्मा, कृष्ण मोहन शर्मा, अखिलेश कनौजिया, प्रतिभा पांडेय, प्रियंका पांडेय, श्रीमती सरिता मिश्रा, कमलेश वर्मा, गिरिजेश शर्मा सहित विद्यालय परिवार के अनेक सदस्य मौजूद रहे।





















