कौशल प्रशिक्षण से आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ीं छात्राएं,क्ले मॉडलिंग और टाई एंड डाई से सीखे स्वरोजगार के गुर
Up times samachar
महराजगंज। उप सम्पादक उमेश चौरसिया
चौक बाजार स्थित दिग्विजयनाथ बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज में आयोजित प्रशिक्षण शिविर के चौथे दिन छात्राओं को स्वरोजगार एवं कौशल विकास के प्रति जागरूक किया गया। शिविर के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में प्रातः 7:30 बजे आरएसएस प्रशिक्षक एवं शिक्षक संदीप यादव द्वारा योगाभ्यास कराया गया। योग सत्र में छात्राओं को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराते हुए नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद द्वितीय सत्र में विद्यालय के प्रशिक्षक शेषमणि विश्वकर्मा द्वारा छात्राओं को क्ले मॉडलिंग एवं टाई एंड डाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं ने मिट्टी से विभिन्न आकर्षक आकृतियां बनाकर अपनी रचनात्मक क्षमता का परिचय दिया। वहीं टाई एंड डाई कला के अंतर्गत छात्राओं ने कपड़ों को अलग-अलग शैली में बांधकर रंगों में डुबोते हुए सुंदर और आकर्षक डिजाइन तैयार किए।
प्रशिक्षकों ने बताया कि यह प्रशिक्षण केवल कला और सजावट तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से छात्राएं स्वरोजगार के अवसर भी विकसित कर सकती हैं। हस्तशिल्प आधारित इन गतिविधियों से भविष्य में आय के साधन तैयार किए जा सकते हैं, जिससे छात्राएं आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।





















