सोनौली में बिजली तारों का ‘मकड़ी जाल’ बना खतरा, हादसे से पहले जागे विभाग : भोला यादव
Up times samachar
सोनौली/महराजगंज।
नगर पंचायत सोनौली में जर्जर बिजली तारों और पोलों पर फैले अव्यवस्थित केबलों के जाल से आमजन में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। नगर के कई प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में लटक रहे बिजली तार किसी बड़े हादसे की आशंका को लगातार बढ़ा रहे हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता एवं प्रखर वक्ता भोला यादव ने विद्युत विभाग से तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है।
भोला यादव ने कहा कि नगर पंचायत सोनौली में वर्षों पुराने बिजली तार अब पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना घट सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली के पोलों पर अनावश्यक केबलों का मकड़ी जाल फैला हुआ है, जिसके कारण न सिर्फ विद्युत आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।
उन्होंने कहा कि नगर के विभिन्न इलाकों में लंबे समय से तारों की मरम्मत और व्यवस्थित रखरखाव नहीं किया गया है। कई स्थानों पर तार अत्यधिक नीचे झूल रहे हैं, जिससे बारिश और आंधी के दौरान हादसे की आशंका और बढ़ जाती है।
युवा नेता ने मांग करते हुए कहा कि जर्जर बिजली तारों और गैर जरूरी केबलों को तत्काल हटाया जाए तथा दुकानों और मकानों तक सुरक्षित एवं मानक अनुरूप नए तारों के माध्यम से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा लंबी दूरी तक खींचे गए असुरक्षित कनेक्शनों को समाप्त कर नजदीकी पोलों से व्यवस्थित कनेक्शन दिए जाएं, ताकि विद्युत स्पर्शाघात जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
भोला यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों की होगी। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर नगर को संभावित हादसों से सुरक्षित करने की मांग की है।





















