ठूठीबारी में श्रम विभाग की बड़ी छापेमारी, 5 प्रतिष्ठानों पर मिले 10 किशोर श्रमिक
*सीमावर्ती कस्बे में बाल एवं किशोर श्रम के खिलाफ चला अभियान, दुकानदारों में मचा हड़कंप
रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया।
महराजगंज जनपद के भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र ठूठीबारी कस्बे में गुरुवार को श्रम प्रवर्तन विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया। अचानक हुई इस छापेमारी से कस्बे के व्यापारियों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान टीम ने बाल एवं किशोर श्रमिकों के नियोजन को लेकर दर्जनों दुकानों, प्रतिष्ठानों और व्यावसायिक केंद्रों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान पांच प्रतिष्ठानों पर कुल 10 किशोर श्रमिक कार्य करते पाए गए। श्रम विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। विभाग के अनुसार संबंधित दुकानदारों को अब सीजीएम कोर्ट में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखना होगा।
निरीक्षण के दौरान जिन प्रतिष्ठानों पर किशोर श्रमिक पाए गए उनमें मुस्कान कॉस्मेटिक, मद्धेशिया बिरयानी, अभिषेक किराना स्टोर, शिवम साड़ी सेंटर तथा निगम ऑटो पार्ट्स शामिल हैं। टीम द्वारा की गई कार्रवाई के बाद पूरे कस्बे में बाल श्रम कानून को लेकर चर्चा तेज हो गई।
अभियान का नेतृत्व श्रम प्रवर्तन विभाग के प्रधान सहायक अधिकारी रवींद्र वर्मा ने किया। उनके साथ श्रम सर्वहितकारी सेवा के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि बाल एवं किशोर श्रम कानून का उल्लंघन किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में कोई भी प्रतिष्ठान नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ठूठीबारी कोतवाली पुलिस भी पूरी तरह सक्रिय रही। मौके पर एसआई बब्बन वर्मा, एसआई वैभव यादव तथा कांस्टेबल अवधेश यादव सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में बाल श्रम पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से आगे भी इस तरह के विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि किशोरों के शोषण पर अंकुश लगाया जा सके और श्रम कानूनों का पालन सुनिश्चित हो।





















