लक्ष्मीपुर रेंज के जंगल में भीषण आग से मची तबाही, सैकड़ों पेड़-पौधे जलकर राख; रेंजर पर लापरवाही के आरोप
Up times samachar
महराजगंज। संपादक अम्बिका दत्त चौबे/उप संपादक उमेश चौरसिया
जनपद के लक्ष्मीपुर रेंज स्थित जंगल में लगी भीषण आग ने वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचाया है। आग तेजी से फैलने के कारण सैकड़ों पेड़-पौधे,औषधीय वनस्पतियां और छोटे वन्य जीवों के आवास जलकर राख हो गए हैं। आग की लपटों से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि जंगल में आग लगने की सूचना वन विभाग को समय रहते दे दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि लक्ष्मीपुर के वन क्षेत्रीय अधिकारी अपने डाक बंगले में ही मौजूद रहे और समय पर कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण आग धीरे-धीरे विकराल रूप लेती चली गई।
ग्रामीणों के अनुसार यदि समय रहते वन विभाग की टीम सक्रिय होती तो आग पर जल्द काबू पाया जा सकता था और जंगल को होने वाले भारी नुकसान से बचाया जा सकता था। घटना के बाद से वन विभाग की कार्यशैली को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। इस आगजनी की घटना से पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंची है। कीमती पेड़-पौधों के साथ-साथ औषधीय वनस्पतियां और छोटे वन्य जीव भी आग की चपेट में आ गए हैं। इसके अलावा इमारती लकड़ी और अन्य वन उपज को भी भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे विभाग को राजस्व हानि का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही जंगल में लगी आग पर तत्काल काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड और वन विभाग की विशेष टीम भेजने की अपील की है।
इस संबंध में लक्ष्मीपुर के वन क्षेत्रीय अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।




















