नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में प्रेरक महिलाओं का हुआ सम्मान
— मिशन शक्ति अभियान के तहत शिक्षा,स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा में योगदान देने वाली महिलाओं को मिली सराहना
Up times samachar
महराजगंज। संपादक अम्बिका दत्त चौबे/उप संपादक उमेश चौरसिया
नगर पालिका परिषद महराजगंज में सोमवार को मिशन शक्ति अभियान 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने की। सम्मेलन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट और प्रेरणादायक कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को मंच पर सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई। इस अवसर पर डॉ. तरन्नुम सुलताना, शगुन शुक्ला, अनुपमा राव, महिला कल्याण विभाग की जेंडर स्पेशलिस्ट संजा देवी, जनिता पासवान, रहमतुन निशा, एडवोकेट गंगा प्रजापति, कृष्णा हल्दा, ऊषा साहू, सुनीता मेहता, डॉ. कृष्णा साहनी, डॉ. नंदिता मिश्रा सहित नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल को भी सम्मानित किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। समाज के विकास में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने सम्मानित महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इनकी उपलब्धियां अन्य महिलाओं और युवतियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस तरह के कार्यक्रम समाज में महिला सशक्तिकरण की भावना को और मजबूत करते हैं।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाएं और गणमान्य लोग मौजूद रहे।




















