रोहिन नदी पर पुल निर्माण का मार्ग प्रशस्त: सेमरहवा घाट पर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने किया भूमि पूजन
—- ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद, क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल
Up times samachar
लक्ष्मीपुर (महराजगंज)। संपादक अंबिका दत्त चौबे
लक्ष्मीपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सेमरहवा में रोहिन नदी के घाट पर बहुप्रतीक्षित पुल निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए क्षेत्रीय विधायक ऋषि त्रिपाठी ने विधिवत भूमि पूजन किया। इस अवसर पर क्षेत्र के ग्रामीणों और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला तथा पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। बताया जाता है कि सेमरहवा स्थित रोहिन नदी पर पुल निर्माण की मांग ग्रामीण लंबे समय से कर रहे थे। इस मुद्दे को लेकर लोकसभा चुनाव के दौरान ग्रामीणों में काफी नाराजगी भी देखने को मिली थी और लोगों ने मतदान के बहिष्कार तक का कदम उठाया था। उसी दौरान विधायक ऋषि त्रिपाठी ने ग्रामीणों से वादा किया था कि यदि पुल का निर्माण नहीं होगा तो वे क्षेत्र में वोट मांगने नहीं आएंगे।
अब सेमरहवा घाट पर भूमि पूजन के साथ पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने से ग्रामीणों की उम्मीदें एक बार फिर जाग उठी हैं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और उन्होंने विधायक का स्वागत करते हुए इस पहल का स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रोहिन नदी पर पुल बनने से सेमरहवा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद ग्रामीणों और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया। लोगों का कहना है कि पुल बनने से बरसात के दिनों में नदी पार करने में होने वाली दिक्कतें खत्म होंगी और शिक्षा, व्यापार व आवागमन के लिए लोगों को काफी राहत मिलेगी।



















