भारत-नेपाल सीमा पर नकली नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ा एक्शन, नौतनवा में कई मेडिकल स्टोर पर प्रशासन की छापेमारी
—- चार दुकानों से संदिग्ध दवाओं के नमूने लिए गए,जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे
Up times samachar
महराजगंज। संपादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप संपादक उमेश चौरसिया
भारत-नेपाल सीमा से सटे नौतनवा तहसील क्षेत्र में नकली व प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने बुधवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर राजस्व,स्वास्थ्य,पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के कई मेडिकल स्टोरों की औचक जांच की। इस दौरान सात दुकानों का निरीक्षण किया गया,जिनमें चार दुकानों से संदिग्ध दवाओं के नमूने लेकर उन्हें परीक्षण के लिए सील कर दिया गया।
प्रशासन द्वारा की गई इस कार्रवाई से सीमा क्षेत्र के दवा कारोबारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने बताया कि अवैध एवं प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी नौतनवा के नेतृत्व में गठित टीम ने लारी मेडिकल स्टोर, नेशनल मेडिकल स्टोर, जयसवाल मेडिकल स्टोर्स, शुभम मेडिकल स्टोर, पाठक मेडिकल स्टोर, अनामिका मेडिकल स्टोर और कृष्णा मेडिकल स्टोर सहित कुल सात प्रतिष्ठानों की गहन जांच की। इस दौरान दवा दुकानों के लाइसेंस,स्टॉक रजिस्टर, क्रय-विक्रय अभिलेख तथा दवाओं की गुणवत्ता से संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई।
निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों में अनियमितताएं पाए जाने पर चार मेडिकल स्टोरों से संदिग्ध दवाओं के नमूने लेकर उन्हें सील कर दिया गया। औषधि निरीक्षक ने बताया कि इन नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जहां उनकी गुणवत्ता और वैधता की वैज्ञानिक जांच की जाएगी।
औषधि विभाग के अनुसार निरीक्षण की पूरी आख्या तैयार कर ली गई है और परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उपजिलाधिकारी नौतनवा ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी द्वारा जनपद में प्रतिबंधित और नकली दवाओं की बिक्री को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त न करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में दवाओं की अवैध तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए निरंतर निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रखने को कहा गया है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं संदिग्ध दवाओं की बिक्री या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इस छापेमारी अभियान में क्षेत्राधिकारी नौतनवा अनिरुद्ध कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र आर्या, औषधि निरीक्षक नवीन कुमार सहित राजस्व,स्वास्थ्य, पुलिस और औषधि विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।




















