जनता दर्शन में एसपी ने सुनी फरियादियों की समस्याएं,त्वरित व निष्पक्ष निस्तारण के दिए सख्त निर्देश
Up times samachar
महराजगंज। संपादक अम्बिका दत्त चौबे/उप संपादक उमेश चौरसिया
महराजगंज जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस कार्यालय में जनता दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दर्शन में पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद,आपसी मारपीट,पारिवारिक विवाद सहित अन्य समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र पुलिस अधीक्षक को सौंपे। एसपी ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों और अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का त्वरित,निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए,ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका प्रभावी समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी क्रम में उन्होंने बताया कि जनपद के सभी थाना और चौकी स्तर पर भी नियमित रूप से जनसुनवाई की व्यवस्था की गई है, ताकि स्थानीय स्तर पर ही आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके। इससे लोगों को अपनी शिकायतों के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े और पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो।
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि फरियादियों के साथ संवेदनशील,विनम्र और शालीन व्यवहार रखा जाए तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।




















