दिग्विजय नाथ बालिका इंटर कॉलेज में अभिभावक सम्मेलन व मेधावी छात्रा सम्मान समारोह,प्रतिभाओं को मिला सम्मान
— डॉ.संध्या सिंह ने कहा— अनुशासन,परिश्रम और शिक्षा से ही बनता है उज्ज्वल भविष्य
Up times samachar
महराजगंज। उप संपादक उमेश चौरसिया
चौक बाजार स्थित दिग्विजयनाथ बालिका इंटर कॉलेज में अभिभावक सम्मेलन एवं मेधावी छात्रा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन मंगलवार को किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केएमसी चिकित्सालय की महिला रोग विशेषज्ञ एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. संध्या सिंह ने मेधावी छात्राओं को मेडल एवं प्रगति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. संध्या सिंह ने कहा कि शिक्षा समाज को दिशा और दशा देने के साथ-साथ जीवन निर्माण की आधारशिला भी है। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए उत्तम एवं नैतिक शिक्षा के साथ अनुशासन का विशेष महत्व है। आज का दौर डिजिटल युग का है, इसलिए छात्राओं को डिजिटल साक्षरता की ओर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता एक दिन में नहीं मिलती, बल्कि निरंतर संघर्ष,कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम होती है। जीवन निर्माण के लिए शिक्षा एक अचूक अस्त्र है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के वरिष्ठ सदस्य डॉ. शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि छात्राओं का परिश्रम और समर्पण उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव है। संस्था छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। यहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ चरित्र निर्माण, जीवन कौशल विकास और स्वावलंबन पर भी विशेष जोर दिया जाता है। उन्होंने विद्यालय में स्थापित मां कौशल्या स्वावलंबन केंद्र की जानकारी देते हुए कहा कि यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर छात्राएं अपने कैरियर को और अधिक सशक्त बना सकती हैं। इस दौरान कक्षा 6 से 9 तथा कक्षा 11 की प्रथम,द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त छात्राओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली छात्राओं में कुमकुम, प्रमिला,लाडली,नव्या, सारिका,किरण विश्वकर्मा, महिमा,रितु,रागिनी शर्मा, रोशनी,गरिमा तथा शमा परवीन शामिल रहीं।
इसके अलावा वाचन, लेखन,खेल,योगाभ्यास, चित्रकला,नृत्य,गायन, कविता लेखन,भाषण, अनुशासन,कहानी लेखन, सर्वश्रेष्ठ छात्रा,क्राफ्टिंग, सिलाई-कढ़ाई,न्यूज़ एंकरिंग एवं उत्कृष्ट प्रेरक जैसी विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या सपना सिंह ने अतिथियों,अभिभावकों,छात्राओं एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लक्ष्य के प्रति सजग और सतर्क रहना ही सफलता की कुंजी है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में किया गया परिश्रम भविष्य में बड़े लक्ष्य हासिल करने में सहायक सिद्ध होता है।
कार्यक्रम में मेधावी छात्रा सम्मान समारोह और अभिभावक सम्मेलन को लेकर अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने अपने बच्चों की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर प्रबंध समिति के सदस्य राजदीपक त्रिपाठी, दिग्विजयनाथ इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ.हरिन्द्र यादव,विपिन कुमार,संदीप यादव,आनंद कुमार शुक्ला, शेषमणि विश्वकर्मा, अखिलेश कनौजिया,कृष्ण मोहन शर्मा,प्रतिभा पांडेय, प्रियंका पांडेय,सरिता मिश्रा, कमलेश वर्मा,बृजेश शर्मा सहित समस्त शिक्षक-कर्मचारी,अभिभावक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।





















