करमहा ग्राम पंचायत में बाल विवाह मुक्त अभियान को मिला जनसमर्थन,खुली बैठक में दिलाई गई शपथ
यूपी टाइम्स समाचार
महराजगंज । उप संपादक उमेश चौरसिया
शासन के निर्देशानुसार महिला कल्याण विभाग महराजगंज के तत्वावधान में संचालित बाल विवाह मुक्त भारत 100 दिवसीय अभियान (तृतीय चरण) के अंतर्गत ग्राम पंचायत करमहा,विकास खंड सदर में शुक्रवार को पंचायत भवन पर बाल विवाह मुक्त घोषित किए जाने हेतु एक खुली बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता ग्राम विकास अधिकारी रामपाल यादव ने की तथा ग्राम प्रधान अमरजीत साहनी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
कानूनी प्रावधानों पर दी गई विस्तृत जानकारी
बैठक में जेंडर स्पेशलिस्ट संजा देवी (हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन) ने बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के तहत प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की तथा 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह कानूनन अपराध है। इससे बालक-बालिकाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और उनका भविष्य प्रभावित होता है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने गांव को बाल विवाह मुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग दें।
योजनाओं एवं समस्याओं पर हुई चर्चा
सचिव श्री रामपाल यादव ने बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों से गांव की विभिन्न समस्याओं पर संवाद किया। साथ ही बालिकाओं की शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
बैठक के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा ग्रामीणों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
शपथ ग्रहण एवं प्रमाण पत्र वितरण
कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान अमरजीत साहनी द्वारा बैठक की कार्यवाही रजिस्टर में दर्ज कराई गई। उपस्थित सभी प्रतिभागियों को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शपथ दिलाई गई तथा ऑनलाइन प्रशंसा प्रमाणपत्र डाउनलोड कर वितरित किए गए।
जेंडर स्पेशलिस्ट संजा देवी ने हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए पंपलेट एवं पोस्टर वितरित कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया और प्रमाणपत्र से संबंधित लिंक साझा कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
प्रमुख रूप से उपस्थित रहे
बैठक में पंचायत सहायक अमूल रत्न गुप्ता, रोजगार सेवक प्रमोद विश्वकर्मा, सृष्टि सेवा संस्थान से तन्नू पटेल, आशा कार्यकर्ता रूपा देवी, सहायिका लक्ष्मीना देवी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पुष्पा सहित गांव के वरिष्ठजन एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।





















