परिश्रम की मिसाल बने युवा,सीआरपीएफ और सीआईएसएफ में चयनित छात्रों का भव्य सम्मान
—- अमरावती देवी पब्लिक स्कूल बागापार में प्रेरणादायी सम्मान समारोह आयोजित
Up times samachar
महराजगंज। उप संपादक उमेश चौरसिया
अमरावती देवी पब्लिक स्कूल,बागापार में बृहस्पतिवार को आयोजित सम्मान समारोह में देश सेवा के लिए चयनित युवाओं को सम्मानित कर गौरवपूर्ण माहौल बनाया गया। विद्यालय परिवार ने सीआरपीएफ में चयनित दुर्गेश पासवान तथा सीआईएसएफ में चयनित सागर यादव और उमेश मद्धेशिया को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक धर्मेंद्र यादव ने कहा कि सफलता पाने के लिए लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर परिश्रम आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सफलता और असफलता के दबाव से मुक्त होकर जो व्यक्ति दृढ़ निश्चय के साथ आगे बढ़ता है,वही एक दिन सम्मान के शिखर पर पहुंचता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन और मेहनत को जीवन का मूल मंत्र बनाने की प्रेरणा दी। प्रधानाचार्य कन्हैया यादव ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेनी चाहिए। नकारात्मक परिणाम मनुष्य को और अधिक मेहनत करने तथा बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित हुए युवा पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम का संचालन रवींद्र जैन ने किया। इस अवसर पर हरेंद्र चौधरी,राजेंद्र प्रसाद, कबीर आलम, जितेंद्र सिंह, रवि यादव, राजकुमार, सुरेश यादव, राजेश्वर कुमार एवं जितेंद्र पटेल सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





















