सेंट जोसेफ स्कूल की प्रदर्शनी और रोबोटिक्स शो ने जीता सबका दिल
Up times samachar
महराजगंज । उप संपादक उमेश चौरसिया
सेंट जोसेफ स्कूल, महाराजगंज में गुरुवार को विज्ञान प्रदर्शनी एवं रोबोटिक्स प्रदर्शन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर विज्ञान, नवाचार और तकनीकी कौशल की अनूठी झलक से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा रहे। विशिष्ट अतिथियों में साधु शरण भारद्वाज इंटर कॉलेज के प्रबंधक विमल पाण्डेय, मिस जंसी मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष ओ. ए. जोसफ, जीएसवीएस इंटर कॉलेज के विज्ञान प्रवक्ता अमरेन्द्र शर्मा, विद्यालय के प्रबंधक थॉमस सी.जे., प्रशासिका श्रीमती लिली थॉमस एवं उप-प्रधानाचार्य सीजू पी.के. उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं फ्लैक्स अनावरण के साथ हुआ। हेड बॉय और हेड गर्ल ने अतिथियों को बैज एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
अतिथियों ने छात्रों द्वारा तैयार 108 विज्ञान एवं रोबोटिक्स मॉडलों का अवलोकन एवं मूल्यांकन किया। रोबोटिक लैब में तैयार रोबोट द्वारा अतिथियों का स्वागत विशेष आकर्षण रहा। रोबो रेस प्रतियोगिता और एआई आधारित मॉडलों ने अभिभावकों व अतिथियों को खासा प्रभावित किया।
प्रमुख रोबोटिक्स मॉडलों में एआई प्रॉस्थेटिक हैंड, आईओटी आधारित स्पाइडर बॉट, एज डिटेक्टर रोबोट, सर्विलांस बॉट, जेस्चर कंट्रोल्ड एलईडी, ब्लूटूथ गैस सिस्टम, स्मार्ट कार पार्किंग सिस्टम और होमो स्पाइडी रोबोट शामिल रहे। वहीं विज्ञान प्रदर्शनी में स्मार्ट सिटी, कार्बन प्यूरीफायर, एंटी-स्लीप अलार्म, माइक्रोबियल फ्यूल सेल, हाइड्रोलिक रोबोटिक आर्म, स्मार्ट इरिगेशन सिस्टम, डिजास्टर मैनेजमेंट मॉडल तथा महराजगंज रेलवे स्टेशन का आकर्षक प्रतिरूप विशेष सराहना का केंद्र बना।
विद्यालय में आयोजित हेल्थ कैंप में शुगर, ब्लड ग्रुप और ब्लड प्रेशर की जांच भी की गई। स्वयं जिला विद्यालय निरीक्षक ने भी जांच कराई। छात्रों द्वारा प्रस्तुत हस्तशिल्प, थ्री-डी प्रिंटिंग और ग्रामीण कला ने भी खूब प्रशंसा बटोरी।
रोबो रेस के जूनियर वर्ग में आर्यन (कक्षा 4) प्रथम, अंश द्वितीय एवं विनीत प्रजापति तृतीय रहे। सीनियर वर्ग में अखरुल इस्लाम प्रथम, फरहान सिद्दीकी द्वितीय एवं रेहान रजा तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि शर्मा ने छात्रों की जिज्ञासा, नवाचार और शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यही प्रतिभाएं भविष्य में इंजीनियरिंग, अंतरिक्ष, चिकित्सा और कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में देश का नाम रोशन करेंगी। विद्यालय की प्रशासिका एवं प्रबंधक ने भी छात्रों को विज्ञान के प्रति निरंतर समर्पित रहने और शिक्षकों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया गया। साथ ही सत्र 2025-26 की विद्यालय पत्रिका का विमोचन कर अभिभावकों को वितरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं अभिभावक उपस्थित रहे।





















