एसपी का फरेन्दा कोतवाली पर देर रात औचक निरीक्षण,लापरवाही पर उपनिरीक्षक निलंबित
—- अभिलेखों व व्यवस्थाओं में मिलीं कई खामियां,प्रभारी निरीक्षक, वरिष्ठ उपनिरीक्षक व ड्यूटी मुंशी के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश
Up times samachar
महराजगंज। संपादक अम्बिका दत्त चौबे/उप संपादक उमेश चौरसिया
जनपद में पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने रविवार देर रात थाना कोतवाली फरेन्दा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाने की कार्यप्रणाली,अभिलेखों की स्थिति,साफ-सफाई तथा साइबर व महिला हेल्प डेस्क सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान कई महत्वपूर्ण कमियां सामने आने पर पुलिस अधीक्षक ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर उपनिरीक्षक बीरबल चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक फरेन्दा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक तथा ड्यूटी मुंशी के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों को पूर्ण एवं नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही थाने में लंबित प्रार्थना पत्रों व मामलों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने पुलिस कर्मियों को अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्य करने की हिदायत दी।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना स्तर पर पुलिसिंग की गुणवत्ता ही जनता के विश्वास को मजबूत करती है। प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, ताकि आमजन को त्वरित न्याय मिल सके।





















