खेसरहा फार्म से 450 शीशी अवैध नेपाली शराब बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी/महराजगंज।
ठूठीबारी थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को गुरुवार शाम एक बड़ी सफलता हाथ लगी। खेसरहा फार्म पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 450 शीशी अवैध नेपाली शराब बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज मनीष कुमार पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्धों ने भागने की कोशिश की, पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुहम्मदीन पुत्र आशिक अली एवं अशोक यादव पुत्र स्वर्गीय जनार्दन यादव, निवासी ग्राम डिगहीं, थाना ठूठीबारी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 450 शीशी अवैध नेपाली शराब बरामद हुई। साथ ही एक साइकिल भी जब्त की गई, जिसका उपयोग शराब की ढुलाई में किया जा रहा था।
पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
इस सफल अभियान में हेड कांस्टेबल उदयभान, कांस्टेबल दीपक कुमार, कवि कुमार, सुनील एवं प्रमोद यादव की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
सीमा क्षेत्र में बढ़ी सख्ती
इंडो-नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी क्षेत्र में अवैध शराब और तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार सघन अभियान चला रही है। हाल की कार्रवाई से साफ है कि पुलिस अब तस्करों पर शिकंजा कसने के मूड में है।




















