जिला अस्पताल में मिशन शक्ति टीम का जागरूकता अभियान,महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा और अधिकारों की दी जानकारी
Up times samachar
महराजगंज। संपादक अम्बिका दत्त चौबे/उप संपादक उमेश चौरसिया
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के तहत गुरुवार को थाना कोतवाली की मिशन शक्ति टीम व एंटी रोमियो टीम ने जिला अस्पताल महराजगंज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान अस्पताल में मौजूद महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाना,उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना था। टीम ने उपस्थित महिलाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 181, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, सखी-वन स्टॉप सेंटर, पॉक्सो एक्ट और मिशन शक्ति से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस दौरान बाल विवाह,दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी लोगों को जागरूक किया गया। टीम के सदस्यों ने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में महिलाएं और बालिकाएं तुरंत हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को 1090, 1076, 181, 112 और 1930 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई और जागरूकता से जुड़े पंपलेट भी वितरित किए गए। मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ बेझिझक आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।




















