चार माह से खराब पड़ा इंडिया मार्का हैंडपंप, विद्यालय में सफाई व्यवस्था भी ध्वस्त
Up times samachar
महराजगंज । संपादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप संपादक उमेश चौरसिया
विकास खंड निचलौल क्षेत्र के ग्राम सभा कटहरी स्थित प्राथमिक विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। विद्यालय परिसर में पिछले कई महीनों से न तो साफ-सफाई कराई गई है और न ही पीने के पानी की समुचित व्यवस्था दुरुस्त की जा सकी है, जिससे बच्चों और शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार विद्यालय परिसर में लगा सरकारी इंडिया मार्का हैंडपंप लगभग चार माह से खराब पड़ा हुआ है। हैंडपंप के खराब रहने से विद्यार्थियों को पीने के पानी के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में पानी की समस्या और भी गंभीर होती जा रही है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है।
वहीं दूसरी ओर विद्यालय परिसर में सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई हुई है। बताया जा रहा है कि 26 जनवरी के बाद से विद्यालय में नियमित साफ-सफाई नहीं कराई गई, जिसके चलते परिसर में घास-फूस और झाड़ियां उग आई हैं। इससे विद्यालय का वातावरण अव्यवस्थित हो गया है और बच्चों को खेलने तथा अन्य गतिविधियों में भी परेशानी हो रही है।
इसके अलावा विद्यालय की बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा टूटा हुआ है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। विद्यालय बंद होने के बाद आसपास के बच्चे परिसर में प्रवेश कर जाते हैं और कई बार विद्यालय के ताले तोड़ने तथा सामानों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं।
इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाध्यापक शत्रुघ्न प्रसाद ने बताया कि 26 जनवरी के बाद से विद्यालय में सफाई नहीं हो पाई है और हैंडपंप भी काफी समय से खराब पड़ा है। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और हैंडपंप की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय में साफ-सफाई, सुरक्षा और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को तत्काल बहाल कराया जाए, जिससे विद्यार्थियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।





















