विद्युत विभाग की लापरवाही से लगी आग, 15 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख
— नौतनवा क्षेत्र के जगन्नाथपुर के पंडितपुर टोला में किसानों को भारी नुकसान, प्रशासन से मुआवजे की मांग
नौतनवा,महराजगंज। संपादक अम्बिका दत्त चौबे
नौतनवा क्षेत्र के ग्राम सभा जगन्नाथपुर के टोला पंडितपुर में गुरुवार को अचानक लगी भीषण आग से लगभग 15 एकड़ गेहूं की तैयार फसल जलकर खाक हो गई, जिससे कई किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते खेतों में खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों के अनुसार आग लगने के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बड़ी मात्रा में गेहूं की फसल जल चुकी थी। इस अग्निकांड में रामदास, वकील मल्हू, केदार, बलिराम, राजकुमार, देवी राम, धर्मेंद्र, अनिल, रामजन्म, सुदामा और महेंद्र समेत कई किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। किसानों का कहना है कि यह उनकी सालभर की मेहनत थी, जो कुछ ही देर में राख में बदल गई।
ग्राम प्रधान दिलीप यादव ने बताया कि प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण विद्युत विभाग की लापरवाही प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन से चिंगारी गिरने की आशंका जताई जा रही है, जिससे आग फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। किसानों ने प्रशासन से क्षति का सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि प्रभावित किसानों को कुछ राहत मिल सके।
ग्राम प्रधान दिलीप यादव ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि इस घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और विद्युत विभाग की लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए, साथ ही पीड़ित किसानों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।




















