बिजली दफ्तर पर किसानों का प्रदर्शन, अधिकारियों को सौंपा मांग पत्र
समस्याओं के समाधान के लिए 15 दिन की चेतावनी, स्मार्ट मीटर का विरोध तेज
बलवन्त पाण्डेय ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर यूपी टाइम्स समाचार
लम्भुआ, सुल्तानपुर। बिजली विभाग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (आजाद हिंद) के कार्यकर्ताओं ने बेदूपारा स्थित बिजली कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि लंबे समय से शिकायतें लंबित हैं, लेकिन विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
धरने की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की। अधिकारियों ने समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसानों ने 15 दिन का समय देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि में निस्तारण नहीं हुआ, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
किसानों ने इस दौरान उपभोक्ताओं के घरों में जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने का भी कड़ा विरोध जताया। उनका कहना है कि बिना सहमति के मीटर लगाना उचित नहीं है और इससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। संगठन ने उच्च अधिकारियों तक अपनी शिकायत पहुंचाने की बात भी कही है।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि समस्याएं बनी रहीं, तो आगे सत्याग्रह और व्यापक आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।





















