महराजगंज को मिले नए पुलिस कप्तान,सख्त छवि वाले आईपीएस शक्ति मोहन अवस्थी संभालेंगे कमान
—- नोएडा में डीसीपी के पद पर दे चुके हैं सेवाएं, कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम बदलाव की उम्मीद
Up times samachar
महराजगंज। संपादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप संपादक उमेश चौरसिया
जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। तेज-तर्रार और सख्त छवि के लिए जाने जाने वाले आईपीएस अधिकारी शक्ति मोहन अवस्थी को महराजगंज का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। उनके आगमन से जिले में पुलिसिंग के तौर-तरीकों में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।
नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी इससे पहले गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में पुलिस उपायुक्त (DCP) के पद पर तैनात रह चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की मजबूती और पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए, जिससे उनकी पहचान एक सख्त और प्रभावी पुलिस अधिकारी के रूप में बनी।
महराजगंज जैसे सीमावर्ती जिले में अपराध नियंत्रण, तस्करी पर रोक, शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना बड़ी चुनौती माना जाता है। ऐसे में नए पुलिस अधीक्षक के रूप में शक्ति मोहन अवस्थी की नियुक्ति को प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। जानकारों का मानना है कि उनके नेतृत्व में जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, पुलिस की सक्रियता और आमजन की सुरक्षा को लेकर ठोस पहल देखने को मिल सकती है। वहीं पुलिस महकमे में भी नए कप्तान के आने से कार्यशैली में अनुशासन और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
जनपद के लोगों को उम्मीद है कि नए पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में महराजगंज में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगेगा और कानून-व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी।




















