भारत–नेपाल समन्वय समिति की बैठक संपन्न, चुनाव के मद्देनज़र सीमा पर बढ़ेगी चौकसी
Up times samachar
महराजगंज । संपादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप संपादक उमेश चौरसिया
भारत–नेपाल समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को 22वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कैंप कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में नेपाल में प्रस्तावित प्रतिनिधि सभा चुनाव के मद्देनज़र सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नेपाल से भारत आने वाले सभी प्रमुख मार्गों के साथ-साथ पगडंडियों और वैकल्पिक रास्तों पर भी विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि या अराजक तत्वों की आवाजाही को रोकना प्रशासन की प्राथमिकता होगी।
जिलाधिकारी ने एसएसबी, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों को नेपाली प्रशासन के साथ सतत समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोनों देशों के प्रशासनिक तंत्र आपसी तालमेल के माध्यम से सीमावर्ती इलाकों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बैठक में यह सहमति बनी कि नेपाल–भारत सीमा पर 02 मार्च की मध्य रात्रि से सामान्य आवागमन अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। हालांकि, इस अवधि में आवश्यक एवं आपातकालीन सेवाएं—जैसे एंबुलेंस, पेट्रोलियम पदार्थ, एलपीजी आदि—का परिवहन दोनों देशों के प्रशासन के परस्पर समन्वय से निर्बाध रूप से संचालित रहेगा।
जिलाधिकारी ने नेपाली प्रशासन को आश्वस्त किया कि आगामी चुनावों को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए भारत की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियां समन्वित रणनीति के तहत कार्य करेंगी, ताकि सीमा पार किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा सहित भारत एवं नेपाल के वरिष्ठ प्रशासनिक और सुरक्षा अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आपसी सहयोग को और मजबूत बनाने तथा संवेदनशील बिंदुओं पर संयुक्त सतर्कता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।




















