वार्षिक निरीक्षण में थाना बल्दीराय की व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा
बलवन्त पाण्डेय ब्यूरो चीफ
(यूपी टाइम्स समाचार सुल्तानपुर)
सुलतानपुर पुलिस अधीक्षक महोदया चारू निगम ने शनिवार को थाना बल्दीराय का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, कार्यालय अभिलेख, पुलिस मेस, थाना परिसर, हवालात तथा रिसेप्शन कक्ष का गहन अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने और शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही थाना परिसर की स्वच्छता, अनुशासन और आगंतुकों के साथ शिष्ट व्यवहार बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। साइबर हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान एसपी महोदया ने कहा कि साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों का शीघ्र पंजीकरण कर प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए। महिला हेल्प डेस्क पर उन्होंने पीड़िताओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और फीडबैक व्यवस्था की समीक्षा की तथा ‘मिशन शक्ति’ के तहत महिलाओं को जागरूक करने और उनकी शिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान टॉप-10 अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी की समीक्षा करते हुए शराब, खनन और भू-माफियाओं के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अपराध रजिस्टर एवं त्योहार रजिस्टर का भी अवलोकन किया गया। थाना परिसर में खड़े लावारिस वाहनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए गए। पुलिस मेस के निरीक्षण में भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की गई। मेस प्रबंधक को निर्देशित किया गया कि पुलिस कर्मियों को उच्च कोटि का पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए।





















