नौतनवा के ग्राम सभा अर्घा स्थित अघोरेश्वर भगवान राम आश्रम में महादेव स्थापना व प्राण प्रतिष्ठा संपन्न
— काशी के निर्देशन में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ दिव्य अनुष्ठान, नेपाल से पधारे संतों की गरिमामयी उपस्थिति
Up times samachar
नौतनवा (महराजगंज)। अम्बिका दत्त चौबे
ग्राम सभा अर्घा स्थित अघोरेश्वर भगवान राम आश्रम में 20 फरवरी 2026 को महादेव स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा का भव्य धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपराओं के अनुरूप संपन्न हुआ। कार्यक्रम काशी से प्राप्त निर्देशन के अनुसार अघोर गुरु पद बाबा के मार्गदर्शन में विधि-विधानपूर्वक आयोजित किया गया।
इस पावन अवसर पर नेपाल की राजधानी काठमांडू से पधारे परम पूज्य अवधूत मंगल धन राम बाबा की विशेष उपस्थिति रही। उनके सान्निध्य ने आयोजन को आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की। समारोह में दूर-दराज से आए संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
महादेव की स्थापना के मुख्य कर्ता शिवराम बाबा रहे, जबकि स्थानीय महंत श्री भोला भंडारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपूर्ण प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान संपन्न कराया गया। पूरे आश्रम परिसर में भक्ति गीत, शंखनाद और वैदिक ऋचाओं की गूंज से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं, महंतों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन कर भगवान महादेव से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। आयोजन के उपरांत प्रसाद वितरण और भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने सहभागिता की।





















