दबिश से लौट रही पुलिस जीप पेड़ से टकराई, एक जवान शहीद,पांच घायल
Up times samachar
महराजगंज । संपादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप संपादक उमेश चौरसिया
महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस टीम की गाड़ी पेड़ से टकरा गई, जिसमें एक पुलिसकर्मी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और खाकी वर्दी खून से लथपथ हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामगढ़ताल थाना की पुलिस टीम जालसाजी के एक मामले में दबिश देने महराजगंज आई थी। कार्रवाई के बाद टीम सरकारी वाहन से वापस गोरखपुर लौट रही थी। इसी दौरान श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के कतरारी पुलिस चौकी के समीप वाहन अनियंत्रित हो गया।
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई और उसके बाद सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में वाहन सवार सभी छह पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए सभी को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान एक पुलिसकर्मी ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक पुलिसकर्मी के परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।





















