डीएम-एसपी ने पंचमुखी समेत प्रमुख शिवालयों में किया जलाभिषेक,ड्रोन से हुई मेले की निगरानी
Up times samachar
महराजगंज । संपादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप संपादक उमेश चौरसिया/ संवाददाता विशाल रौनियार
महाशिवरात्रि पर्व रविवार को जनपद महराजगंज में श्रद्धा और आस्था के अद्भुत संगम के रूप में मनाया गया। भोर से ही विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से समूचा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
जनपद के प्रमुख शिव मंदिरों— पंचमुखी प्राचीन शिव मंदिर इटहिया, प्राचीन शिव मंदिर कटहरा, प्राचीन शिव मंदिर दरहटा, भगवानपुर शिव मंदिर एवं बनरसिया शिव मंदिर—में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। महिला एवं पुरुष श्रद्धालु अलग-अलग कतारों में व्यवस्थित ढंग से खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने संयुक्त रूप से विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर देवाधिदेव भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। उन्होंने भांग,धतूरा,बेलपत्र, दूध, गन्ना, बेर एवं गंगाजल अर्पित कर जनपदवासियों के सुख, शांति, अमन-चैन और समृद्धि की कामना की। साथ ही धूप,अगरबत्ती एवं कपूर प्रज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना की।
मेले में आये श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य के साथ प्रसाद, पूजन सामग्री एवं अन्य वस्तुओं की खरीदारी कर मेले का आनंद भी लिया। बच्चों और महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, ड्रोन से निगरानी
महाशिवरात्रि के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी मंदिर परिसरों एवं मेला स्थलों पर महिला एवं पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन द्वारा भीड़ नियंत्रण,यातायात व्यवस्था,पेयजल व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रबंध किए गए।
मेले की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जा रही थी, जिससे हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके और कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। प्रशासनिक अधिकारियों ने समय-समय पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस मौके पर एसडीएम सदर, एसडीएम निचलौल, एडिशनल एसपी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे और पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाई।





















