बंद मकान में लाखों की चोरी,शादी से पहले परिवार पर टूटा संकट
— बसंतपुर राजा में पीछे की सीढ़ी से घुसे चोर, जेवर-नगदी समेट ले गए
Up times samachar
महराजगंज । उप संपादक उमेश चौरसिया
कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बसंतपुर राजा में अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी शनिवार सुबह उस समय हुई जब मकान मालिक की बेटी घर की सफाई करने पहुंची। चोरी की वारदात से परिवार में हड़कंप मच गया है, खासकर इसलिए कि घर में छोटी बेटी की शादी निकट है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बसंतपुर राजा निवासी जंत्री प्रसाद वर्मा परिवार सहित पंजाब में रहकर पेंटिंग का ठेका कार्य करते हैं। वह लगभग तीन माह पूर्व गांव से पंजाब गए थे। शनिवार को किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के उद्देश्य से उन्होंने अपनी बेटी सीमा को फोन कर घर की साफ-सफाई करने के लिए कहा।
शनिवार सुबह जब सीमा ने घर का मुख्य दरवाजा खोला तो अंदर का नजारा देख स्तब्ध रह गई। कमरे का ताला टूटा हुआ था, बक्से खुले पड़े थे और सामान अस्त-व्यस्त था। घर के पीछे की ओर लगी सीढ़ी से चढ़कर चोरों ने कटरैन हटाया और अंदर प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद मामले की जानकारी बागापार पुलिस चौकी को दी गई। हल्का दरोगा नितेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में है और प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामान में सोने के दो मंगलसूत्र, एक हार, झुमका, अंगूठी, मांगटीका तथा चांदी की पाजेब के साथ नगदी भी शामिल है। बताया जा रहा है कि छोटी बेटी पूजा की शादी आगामी 23 अप्रैल 2026 को तय है। शादी के लिए सुरक्षित रखे गए जेवर और नगदी चोरी हो जाने से परिवार गहरे सदमे में है।
मकान मालिक जंत्री प्रसाद वर्मा ने पंजाब से ही मोबाइल फोन के माध्यम से चोरी गए सामान का विस्तृत विवरण बागापार पुलिस चौकी और डायल 112 को उपलब्ध करा दिया है। बताया जा रहा है कि वह तत्काल गांव के लिए रवाना हो गए हैं।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।





















