परिषदीय विद्यालय झुंगवा में अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर चोरी की
— पूर्व माध्यमिक विद्यालय झुंगवा में चोरी से शिक्षा व्यवस्था प्रभावित, पुलिस जांच तेज
Up times samachar
महराजगंज। उप संपादक उमेश चौरसिया
चौक थाना क्षेत्र के ग्राम सभा परासखाड़ टोला झुंगवा स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय झुंगवा कंपोजिट में 11-12 फरवरी की रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने विद्यालय के तीनों कमरों का ताला तोड़कर वहां रखा खाद्यान्न, दो स्पीकर, साउंड सिस्टम, रसोई के बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान तथा शैक्षणिक सामग्री चोरी कर ली। घटना का पता 12 फरवरी की सुबह उस समय चला जब विद्यालय खोला गया। कमरों के टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर शिक्षकों व ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। चोरी की सूचना तेजी से पूरे क्षेत्र में फैल गई, जिससे अभिभावकों में भी चिंता का माहौल बन गया।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दीनानाथ गुप्ता ने तत्काल चौक पुलिस को घटना की सूचना दी। वहीं प्रधानाध्यापक राकेश वर्मा ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध लिखित तहरीर देकर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पुलिस टीम ने मौके का जांच पड़ताल करने में जुटी हुई हैं।





















