झनझनपुर में पेड़ से लटका मिला 17 वर्षीय युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
— फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
Up times samachar
महराजगंज। उप संपादक उमेश चौरसिया
सिंदुरिया थाना क्षेत्र के झनझनपुर चौराहा स्थित बागापार रोड के समीप पश्चिम ईंट भट्ठे के पास शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 17 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ मिला। सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिंदुरिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के साथ ही फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर नमूने सुरक्षित किए। इसके बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस, महराजगंज भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राज शर्मा (17 वर्ष) पुत्र गुड्डू शर्मा, निवासी ग्राम महेशपुर, थाना चौक के रूप में हुई है। वर्तमान में वह झनझनपुर में अपने आवासीय मकान में फर्नीचर की दुकान संचालित करता था। बताया जा रहा है कि वह अपनी दिवंगत मां मीना देवी की तीन संतानों में सबसे छोटा था।
मृतक के पिता गुड्डू शर्मा ने बताया कि उसके मोबाइल पर विभिन्न प्रकार के फोन कॉल आते रहते थे और वह देर-सबेर घर आता-जाता था। इस संबंध में उसे कई बार समझाया भी गया था। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।





















