सीमा पर बड़ी कार्रवाई: एसएसबी कस्टम व पुलिस की संयुक्त गश्त में 9.5 क्विंटल विदेशी मक्का जब्त
भारत से नेपाल तस्करी कर भेजी जा रही खेप गन्ने के खेत में छिपाई गई थी, तस्कर फरार
विशाल कुमार
ठूठीबारी, महाराजगंज
इंडो नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी “सी” समवाय, कस्टम व कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.5 क्विंटल विदेशी मक्का बरामद किया है। बरामद मक्का 19 सफेद बोरियों में भरा हुआ था, जिसे गन्ने के खेत में छिपाकर रखा गया था।
जानकारी के अनुसार कस्टम अधीक्षक सूर्यकांत तिवारी, बीओपी इंचार्ज सुभाष चंद के नेतृत्व में कोतवाली के एसआई दिनेश कुमार यादव व मनोहर यादव के साथ संयुक्त गश्ती सीमा स्तंभ संख्या 505 की ओर की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग नेपाल से बोरी में सामान लेकर अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 400 मीटर भीतर भारतीय क्षेत्र में छिपा रहे हैं।
सूचना पर टीम मौके पर पहुंची तो गन्ने के खेत के पास मौजूद संदिग्ध व्यक्ति गश्ती दल को देखकर फरार हो गए। तलाशी के दौरान खेत से 19 बोरियों में रखा विदेशी मक्का बरामद हुआ। वजन करने पर प्रत्येक बोरी 50 किलोग्राम पाई गई, कुल वजन 9.5 क्विंटल निकला। मक्का को मौके पर ही जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए ठूठीबारी कस्टम को सुपुर्द कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि तस्करों की तलाश जारी है और सीमा पर निगरानी और कड़ी कर दी गई है।





















